बड़वानी जिले के पाटी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई स्कूटी से अवैध शराब ले जा रहा आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

बड़वानी, 25 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के विरुद्ध प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है जो स्कूटी के माध्यम से अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन कर रहा था।

घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

​जानकारी के अनुसार, पाटी थाना प्रभारी उनि. रामदास यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैल बाजार क्षेत्र से एक सफेद रंग की स्कूटी पर अवैध शराब ले जाई जा रही है। पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्कूटी क्रमांक MP46ZH6711 को रुकने का संकेत दिया गया, तो चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

करीब एक लाख का मशरूका जप्त

​पुलिस ने आरोपी मुकेश पिता पदमसिंह डावर (23 वर्ष), निवासी ग्राम पलवट के कब्जे से 245 नग देशी प्लेन शराब के क्वार्टर बरामद किए हैं। जप्त की गई 42.10 लीटर शराब की कीमत लगभग 18,375 रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी (कीमत 80,000 रुपये) को भी जप्त किया गया है। कुल मशरूका की कीमत 98,375 रुपये आँकी गई है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रामदास यादव, प्रधान आरक्षक रजनीश वर्मा और आरक्षक बोबी ठाकुर की मुख्य भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब और जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।