बड़वानी, 26 जनवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले में गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह ‘पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस’ शहीद भीमा नायक महाविद्यालय के मैदान पर आयोजित हुआ, जहाँ प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने ध्वजारोहण कर परेड की भव्य सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया।
मार्च पास्ट और झांकियों ने मोहा मन
समारोह में पुलिस बल, महिला प्लाटून, होमगार्ड और वन विभाग के दलों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों में शासकीय योजनाओं का सजीव प्रदर्शन किया गया। झांकियों में जिला पंचायत बड़वानी ने प्रथम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने द्वितीय और उद्यानिकी विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
प्रभारी मंत्री ने जिले के तीन शहीदों के परिजनों तथा लोकतंत्र सेनानी सोहन माहेश्वरी, भैरूलाल मारू, नारायणसिंह गांधी, राधेश्याम अग्रवाल और शिखर जैन को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इससे पूर्व सुबह 7 बजे विजय स्तंभ पहुँचकर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को पुष्पांजलि भी अर्पित की गई।
पुरस्कारों की रही बौछार
- मार्च पास्ट: सशस्त्र बल में जिला पुलिस बल (महिला) को प्रथम स्थान मिला। अशासकीय सीनियर वर्ग में NSS गर्ल्स दल को प्रथम पुरस्कार दिया गया।
- सांस्कृतिक कार्यक्रम: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में ‘पीएम श्री बालक हायर सेकेंडरी स्कूल’ बड़वानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- उत्कृष्ट सेवा: जिले में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों और बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गरिमामय उपस्थिति
समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, लोकसभा सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंतसिंह पटेल, बड़वानी विधायक राजन मण्डलोई, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।







