आलीराजपुर, 02 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
आलीराजपुर जिले की सोण्डवा पुलिस ने ग्राम वालपुर के भगोरिया मेले में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। मेले में धक्का लगने जैसी मामूली बात पर उपजे विवाद में एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन बालिग आरोपियों सहित एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को अभिरक्षा में लिया है।
विवाद और जानलेवा हमला
घटना 27 फरवरी की है, जब वालपुर भगोरिया मेले के दौरान शाम के समय दो पक्षों के युवकों में आपसी धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के युवकों ने तलावद निवासी एक नाबालिग बालक के साथ मारपीट की और धारदार चाकू से उसके पेट, पीठ और छाती पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बालक की जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
सीसीटीवी और तकनीक से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक रघुवंशसिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मेला स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी अश्विनी कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोण्डवा निरीक्षक आर.आर. बड़ोले के नेतृत्व में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिससे संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए।
पूछताछ में कबूला जुर्म
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने सोण्डवा क्षेत्र के निवासी दिनेश, कमलेश, अर्जुन और एक अन्य नाबालिग को हिरासत में लिया। मनोवैज्ञानिक ढंग से की गई सघन पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मेले में मामूली धक्का लगने के प्रतिशोध में उन्होंने नाबालिग पर हमला किया था। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस टीम की तत्परता
इस अंधे कत्ल के त्वरित खुलासे में निरीक्षक राजाराम बड़ोले, चौकी प्रभारी सचिन डावर, रामवचन पाण्डेय और पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।




