बड़वानी, 29 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री महेंद्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में एक विशेष पहल की गई। शिव कुंज आशा ग्राम ट्रस्ट स्थित पर्यावरणीय पाठशाला में वंचित वर्गों के लिए ‘वृहद विधिक सहायता एवं कल्याणकारी शिविर’ का आयोजन किया गया, जिसमें दूरस्थ अंचलों से आए कुष्ठ रोगियों, मनोरोगियों और दिव्यांगजनों ने एक ही छत के नीचे शासन की योजनाओं का लाभ लिया।
न्याय की सुलभता के लिए विधिक सेवा की पहल
शिविर को संबोधित करते हुए प्रधान जिला न्यायाधीश श्री महेंद्र कुमार जैन ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने पैरा लीगल वॉलिंटियर्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे स्थानीय स्तर पर न्याय की सुगमता के लिए सेतु का कार्य कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक श्री पदम विलोचन शुक्ल ने भी पुलिस विभाग की ओर से न्याय और मध्यस्थता के कार्यों में सदैव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विभिन्न विभागों और संस्थाओं का अनूठा समन्वय
शिविर में स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, खाद्य विभाग, नगर पालिका और आयुष विभाग सहित कई सरकारी स्टॉल्स लगाए गए। साथ ही आशाग्राम ट्रस्ट, GLRA, पहल जन सहयोग, जन साहस और समविकास जैसी स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अमूल मंडलोई ने प्राधिकरण के कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए हितग्राहियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जरूरतमंदों को मिली सहायता सामग्री
शिविर के दौरान सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर और बैसाखी प्रदान की गई। कुष्ठ विभाग द्वारा सॉफ्ट फुटवियर और GLRA संस्था द्वारा 100 कुष्ठ रोगियों को सेल्फ केयर किट वितरित की गई। वहीं पहल जन सहयोग संस्थान ने राशन किट और विटामिन प्रदान किए। आशा इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने भी अपनी विशेष सेवाएं देकर युवाओं में कुष्ठ व मनोरोग के प्रति संवेदना जगाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री लीलाधर सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, CMHO डॉ. सुरेखा जमरे, बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्री सोहनलाल पाटीदार, तृतीय जिला न्यायाधीश श्रीमती रेखा आर. चंद्रवंशी सहित कई न्यायिक मजिस्ट्रेट और जेल अधीक्षक श्रीमती शेफाली तिवारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री रॉबिन दयाल ने किया एवं आभार डॉ. चक्रेश पहाड़िया ने व्यक्त किया।




