आलीराजपुर, 17 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
नगर के मंसूरी चौक पर राज्य हज कमेटी भोपाल द्वारा नियुक्त हज सेवक एमएस पाकीज़ा ग्रुप द्वारा हज यात्रियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हज यात्रियों को मुबारकबाद देते हुए उनकी सुखद और सफल यात्रा के लिए दुआएं मांगी गईं।
हज के अरकानों का दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर में मास्टर ट्रेनर हाजी शाहिद खाँ ने यात्रियों को हज के दौरान किए जाने वाले महत्वपूर्ण अरकानों जैसे एहराम बांधना, तवाफ़, मक्का, मदीना, मीना और अरफात के नियमों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान हवाई जहाज, एयरपोर्ट, लिफ्ट और अन्य परिवहन सुविधाओं के उपयोग के समय बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों के बारे में भी बताया।
जिले से 32 यात्री होंगे रवाना
एमएस पाकीज़ा ग्रुप के मो. हुसैन मन्सूरी ने बताया कि इस वर्ष जिले से कुल 32 यात्री हज यात्रा पर जा रहे हैं, जिनमें 17 महिलाएं और 15 पुरुष शामिल हैं। यात्रा की उड़ानें 18 अप्रैल से शुरू होंगी। यात्रियों में सबसे बुजुर्ग 70 वर्षीय मोहम्मद खत्री और सबसे कम उम्र की 27 वर्षीय आफरीन हैदर मुगल शामिल हैं।
स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रेम प्रकाश पटेल और शहरी नोडल अधिकारी डॉ. सचिन पाटीदार की टीम द्वारा सभी यात्रियों को मैनिन्जाइटिस और सीजनल इन्फ्लुएंजा के टीके लगाए गए। साथ ही पोलियो की दवा पिलाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और यात्रियों को उनके हेल्थ कार्ड सौंपे गए।
इस आयोजन में हाजी इक़बाल मंसूरी, मस्जिद सदर अलाउद्दीन चंदेरी, इस्माइल मंसूरी पाकीज़ा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और पाकीज़ा ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे।





