बड़वानी (पानसेमल), 30 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशानुसार जिले भर में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की श्रृंखला में थाना पानसेमल द्वारा एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्थानीय दुर्गा खाण्डसारी शुगर मील परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कानूनी अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, शासकीय योजनाओं और प्रचलित कानूनों के बारे में विस्तार से समझाया गया। शिविर में महिला अधिकार, घरेलू हिंसा, बाल विवाह जैसी कुरीतियों, शिक्षा का अधिकार और सूचना के अधिकार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
साइबर अपराध से बचाव के लिए खास टिप्स
आज के डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने आमजन को ‘डिजिटल साक्षरता’ का पाठ पढ़ाया। प्रतिभागियों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने जोर देकर कहा कि किसी भी अनजान लिंक या ओटीपी को साझा न करें।
सुलह और लोक अदालत का महत्व
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श की सुविधा के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही, छोटे-मोटे विवादों को आपसी समझाइश और लोक अदालत के माध्यम से निपटाने के लाभ बताए गए, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
शिविर के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट खेतिया श्रीमती नीलम खटाना उपस्थित रहीं। इस अवसर पर थाना प्रभारी पानसेमल निरीक्षक श्री मंशाराम वगेन, शुगर मील प्रबंधन, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय स्टाफ शामिल हुआ।





