आज़ाद नगर भाभरा में गूंजे देशभक्ति के नारे विधायक सेना पटेल ने दी श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री से “आज़ाद महल” बनाने की रखी मांग

शेयर करे

आलीराजपुर, 27 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)

​भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के बलिदान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उनकी जन्मस्थली आज़ाद नगर भाभरा में भव्य रैली का आयोजन किया गया। जोबट विधायक सेना महेश पटेल के नेतृत्व में निकली इस रैली में देशभक्ति का अनूठा जज्बा देखने को मिला, जहाँ ढोल-धमाकों के बीच “आज़ाद अमर रहें” के नारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।

40 ढोल-मांदल के साथ निकली भव्य रैली

​रैली का शुभारंभ जनपद मुख्यालय से हुआ, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए आज़ाद कुटिया परिसर पहुंची। रैली में 40 से अधिक ढोल-मांदल की गूंज ने माहौल को उत्साह से भर दिया। विधायक सेना पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ शहीद आज़ाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि आज़ाद का बलिदान देश की स्वतंत्रता की अमर गाथा है और उनकी स्मृतियों को सहेजना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री के आगमन का स्वागत और “आज़ाद महल” की मांग

​विधायक सेना पटेल ने जोबट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग रखते हुए आग्रह किया कि ऐतिहासिक आज़ाद कुटिया परिसर को “चंद्रशेखर आज़ाद महल” के रूप में विकसित किया जाए। विधायक ने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि यह स्थल इतिहास, पर्यटन और युवाओं के लिए प्रेरणा का एक भव्य केंद्र बन सके।

भगोरिया के रंग में रंगे ग्रामीण

​श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात विधायक सेना पटेल ग्राम वडी में आयोजित भगोरिया उत्सव में शामिल हुईं। यहाँ उन्होंने सरपंच रितेश चौहान और अन्य ग्रामीणों के साथ ढोल की थाप पर थिरकते हुए भगोरिया और होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

ये रहे उपस्थित

​इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश भाबर, जिला उपाध्यक्ष लईक भाई, विनय वसुनिया, महेंद्र रावत सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण और युवा शक्ति उपस्थित रही।