बड़वानी, 23 फरवरी 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
आगामी लोक पर्व भगोरिया, होली, रंगपंचमी, रमजान और ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु बड़वानी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के निर्देशन में जिले के पानसेमल, अंजड़, पलसूद और नागलवाड़ी थानों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पानसेमल और पलसूद: झूलों की फिटनेस और सीसीटीवी पर जोर
थाना पानसेमल में थाना प्रभारी मंशाराम वगेन और तहसीलदार राजाराम रानाडे की उपस्थिति में बैठक संपन्न हुई, वहीं पलसूद में थाना प्रभारी सुखलाल भंवर ने सदस्यों से चर्चा की। दोनों ही स्थानों पर मेलों में लगने वाले झूलों की क्षमता और उनकी फिटनेस जांच को अनिवार्य बताया गया। प्रमुख चौराहों और मेला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के निर्देश दिए गए।
अंजड़ और नागलवाड़ी: आपसी भाईचारे और सतर्कता की अपील
थाना अंजड़ में एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में बैठक आयोजित की गई, जिसमें गणगौर और रामनवमी जैसे आगामी पर्वों पर भी चर्चा हुई। वहीं नागलवाड़ी थाना प्रभारी माधव सिंह ने ओझर और बालसमुद चौकियों में बैठकें लेकर ग्रामीणों को अफवाहों से बचने की सलाह दी। नागलवाड़ी की बैठक में तहसीलदार गणपत डावर ने भी हिस्सा लिया और आयोजकों को क्षमता से अधिक भीड़ न जुटाने की सख्त हिदायत दी।
प्रशासन की सामूहिक अपील
सभी बैठकों में एक समान दिशा-निर्देश जारी किए गए, जिसमें सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट न डालने, अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया। बैठकों में राजस्व विभाग के अधिकारी, नगर परिषद सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग की टीमें, शांति समिति के सदस्य और पत्रकार बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







