बड़वानी, 21 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
आगामी लोक पर्व भगोरिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को थाना बड़वानी के ग्राम बिजासन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी बलजीत सिंह के नेतृत्व में हुई इस बैठक में ग्राम पंचायत और ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।
मेला स्थल का निरीक्षण और सुरक्षा निर्देश
बैठक के पश्चात पुलिस टीम द्वारा भगोरिया मेला स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण भी किया गया। थाना प्रभारी ने समिति सदस्यों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में पुलिस का सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति दिखने पर तत्काल डायल 112 को सूचित करें।
रात्रि गश्त और संदिग्धों पर रहेगी नजर
बैठक में भगोरिया के अतिरिक्त गांव की सामान्य सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे रात्रि गश्त में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और गांव में आने वाले किसी भी बाहरी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन को विश्वास दिलाया कि वे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और भगोरिया हाट को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग करेंगे।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर थाना प्रभारी बलजीत सिंह, बीट प्रभारी SI ओसवाल, जनपद सदस्य सीताराम अवास्या, पंचायत सचिव राजेंद्र दसोंधी, ग्राम पटेल शांतिलाल सहित पुलिस स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्राम रक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।






