बड़वानी, 25 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
आगामी 28 फरवरी को ग्राम भवती में आयोजित होने वाले पारंपरिक भगोरिया मेले को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़वानी पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को थाना प्रभारी बलजीत सिंह के नेतृत्व में ग्राम भवती में पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
सुरक्षा के लिए ग्रामीणों का मांगा सहयोग
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को मेले के दौरान सक्रिय सहभागिता निभाने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय आपसी सौहार्द बनाए रखना बेहद जरूरी है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपातकालीन स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें।
रात्रि गश्त और बाहरी व्यक्तियों पर रहेगी नजर
बैठक में केवल भगोरिया ही नहीं, बल्कि आगामी अन्य त्योहारों और गांव की सामान्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। पुलिस ने ग्राम रक्षा समिति को रात्रि गश्त में सहयोग करने और गांव में आने वाले बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत थाने में देने के निर्देश दिए। उपस्थित सरपंच, पटेल और पंचायत सदस्यों ने पुलिस को आश्वस्त किया कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था बनाए रखने में मदद करेंगे।
मेला स्थल का किया निरीक्षण
बैठक के पश्चात पुलिस टीम और पंचायत प्रतिनिधियों ने मिलकर भगोरिया मेला स्थल का मौका मुआयना किया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन निकासी जैसे बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बीट प्रभारी एसआई ओसाल, एएसआई दीपक ठाकुर, थाना स्टाफ सहित ग्राम पंचायत के सदस्य और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








