बड़वानी, 14 जनवरी 2026।
(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : ब्यूरो रिपोर्ट)
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी रोहिणी तीर्थ राजघाट में नर्मदा जयंती पर आयोजित होने वाले भव्य जन्मोत्सव और विशाल भंडारे की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। कलेक्टर के निर्देशानुसार, नोडल अधिकारी व एसडीएम बड़वानी श्री भूपेंद्र रावत और तहसीलदार श्री हितेन्द्र भावसार ने बुधवार को राजघाट रोड और भंडारा स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।
दो दिन में हटाएँ अतिक्रमण, वरना होगी जब्ती
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री रावत ने पाया कि राजघाट रोड के दोनों ओर स्थित ईंट-भट्टों के मालिकों ने कृषि भूमि की सीमा से बाहर निकलकर कच्ची ईंटें और मिट्टी के ढेर मुख्य सड़क पर लगा दिए हैं। इससे नर्मदा जयंती पर आने वाले हज़ारों श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानी हो सकती है। एसडीएम ने ईंट-भट्टा मालिकों और प्रजापति समाज के अध्यक्ष से चर्चा कर स्पष्ट निर्देश दिए कि वे स्वयं दो दिनों के भीतर अपनी सामग्री सड़क से हटाकर अपनी निजी भूमि की सीमा में कर लें। निर्देश का पालन न करने पर प्रशासन द्वारा सामग्री जब्त कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
भंडारा स्थल और ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा
राजघाट रोड स्थित पुराना फिल्टर प्लांट, जहाँ विशाल भंडारे का आयोजन होना है, वहाँ की व्यवस्थाओं को लेकर नर्मदा सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। एसडीएम ने नर्मदा जन्मोत्सव के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
आयोजन समिति रही मौजूद
निरीक्षण के दौरान नर्मदा सेवा ट्रस्ट राजघाट के पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री श्याम गुप्ता, श्री संजय पुरोहित और सचिन शर्मा सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।




