बड़वानी, 27 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार, आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की सफलता के लिए बड़वानी जिला न्यायालय में सक्रियता बढ़ गई है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री महेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण प्रिसिटिंग (पूर्व तैयारी बैठक) संपन्न हुई।
क्लेम प्रकरणों के निराकरण पर जोर
विशेष न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी श्री रईस खॉन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मोटर दुर्घटना दावा (MACT) प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई। नोडल अधिकारी ने निर्देशित किया कि बीमा कंपनियों के ऐसे मामले, जिनमें पॉलिसी की शर्तों का उल्लंघन नहीं हुआ है और जो राजीनामा योग्य हैं, उनमें पक्षकारों से चर्चा कर उन्हें लोक अदालत के माध्यम से निराकृत किया जाए। उन्होंने अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक प्रकरणों को रैफर करने की अपील की, जिस पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने अपनी सहमति जताई।
वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रथम अपर जिला न्यायाधीश श्री चंदनसिंह चौहान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अमूल मण्डलोई और जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री रॉबिन दयाल उपस्थित रहे।
बीमा कंपनियों का रहा प्रतिनिधित्व
इस प्रिसिटिंग में विभिन्न सरकारी और निजी बीमा कंपनियों के अधिवक्तागण शामिल हुए, जिनमें श्री सोहनलाल पाटीदार (ICICI), श्री मनोज तिवारी (यूनाइटेड), श्री ऋषभ दोशी (ओरिएंटल), श्री संजय शर्मा (इफको टोकियो व नेशनल इंश्योरेंस), श्री निमेश त्रिवेदी (बजाज इंश्योरेंस) और न्यू इंडिया इंश्योरेंस के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित थे।




