बड़वानी, 28 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिला पुलिस विभाग में दशकों तक अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और अटूट समर्पण भाव से सेवाएं देने वाले तीन सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शनिवार को अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवा-निवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया।
स्मृति चिन्ह भेंट कर बढ़ाया मान
प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने सेवा-निवृत्त हो रहे तीनों अधिकारियों को शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में प्रभारी एसपी ने कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन और निष्ठा सर्वोपरि है। इन अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान विभाग को जो बहुमूल्य सेवाएं दी हैं, वे आने वाले पुलिसकर्मियों के लिए सदैव अनुकरणीय रहेंगी। उन्होंने अधिकारियों के स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन अधिकारियों की हुई विदाई
- सहायक उपनिरीक्षक श्री कैलाश चंद्र मालवीय: वर्ष 1986 में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए श्री मालवीय ने लगभग 40 वर्षों तक विभाग में उत्कृष्ट सेवाएं दीं।
- सहायक उपनिरीक्षक श्री थान सिंह चौहान: वर्ष 1987 में पुलिस विभाग का हिस्सा बने श्री चौहान ने लंबे समय तक समर्पणपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।
- सहायक उपनिरीक्षक श्री मेहताब सिंह सोलंकी: वर्ष 2008 में आरक्षक (कोर्ट मोहर्रिर) के पद पर नियुक्त होकर इन्होंने विभागीय कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ संपन्न किया।
परिजनों का जताया आभार
विदाई समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रभारी एसपी ने परिजनों से आत्मीय चर्चा करते हुए पुलिस सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य में उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।




