सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान: एक्सीलेंस कॉलेज में विद्यार्थियों के बने लर्निंग लाइसेंस, पिपलाज में छात्राओं को सिखाए यातायात नियम

शेयर करे

बड़वानी, 19 जनवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर के निर्देशन में थाना यातायात बड़वानी द्वारा युवाओं और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कॉलेज में ही बने 73 विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस

अभियान के अंतर्गत आज प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज बड़वानी में एक विशेष नि:शुल्क लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 173 विद्यार्थियों ने आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से पात्रता रखने वाले 73 विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस मौके पर ही बनाकर प्रदान किए गए।

नर्सिंग छात्राओं को दिया यातायात नियमों का पाठ

वहीं, ग्राम पिपलाज स्थित कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित एक अन्य जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 150 छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान उन्हें हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन और सड़क पर सुरक्षित चलने के महत्व को समझाया गया।

आधुनिक पुलिस कार्यप्रणाली का प्रदर्शन

यातायात पुलिस द्वारा छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया। इसमें POS मशीन के माध्यम से चालानी कार्रवाई, ब्रेथ एनालाइजर मशीन (शराब की जांच) की प्रक्रिया और सड़क दुर्घटना में घायल की मदद करने पर ‘राहवीर योजना’ के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।

इस कार्यक्रम में आरटीओ प्रभारी श्री राकेश भूरिया, थाना प्रभारी यातायात श्री विनोद सिंह बघेल, प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज का स्टाफ और यातायात पुलिस के आरक्षक अरविंद रावत एवं गजेंद्र चौहान उपस्थित रहे।