बड़वानी, 06 दिसम्बर 2025।
होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस का भव्य आयोजन आज शनिवार को कसरावद रोड नवलपुरा स्थित होमगार्ड कार्यालय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जवानों ने अपनी तत्परता और प्रशिक्षण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
परेड और मार्च पास्ट से अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बड़वानी विधायक श्री राजन मण्डलोई, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत सिंह पटेल और संयुक्त कलेक्टर श्री सोहन कनाश रहे। अतिथियों को परेड द्वारा सलामी देकर सम्मानित किया गया, जिसके बाद जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि विधायक राजन मण्डलोई द्वारा इस दौरान गृह मंत्री भारत सरकार श्री अमित शाह के संदेशों का वाचन किया गया।
आपदा प्रबंधन पर साहसिक प्रदर्शन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होमगार्ड के जवानों द्वारा आपदा प्रबंधन पर आधारित प्रदर्शनी का जीवंत प्रदर्शन रहा। इसमें बाढ़ राहत, अग्नि शमन, एवं खोज और बचाव के साहसिक कार्यों को प्रदर्शित किया गया। इन प्रदर्शनों ने आपदा के समय होमगार्ड बल की उच्च कोटि के प्रशिक्षण और तत्परता को दर्शाया।
मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में होमगार्ड के जवानों की निस्वार्थ सेवा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि होमगार्ड बल न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करता है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं और आपात स्थितियों में भी नागरिकों के लिए एक जीवन रेखा का काम करता है।
उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
कार्यक्रम के दौरान, मुख्यालय द्वारा प्रदान की गई प्रोत्साहन राशि का चेक जवानों के बालक/बालिकाओं को परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के फलस्वरूप मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथियों के द्वारा प्रदान किया गया। साथ ही, वर्ष के दौरान बाढ़ आपदा राहत बचाव एवं सौंपे गए कार्यों को सफलतापूर्वक संपादित करने के फलस्वरूप एसडीईआरएफ जवानों को प्रशंसा पत्र से भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर, ए.एस.आई. श्री प्रदीप सोलंकी द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक कार्यकम के तहत कविता, गायन, चेयर रेस और रस्सा खींच जैसे गेम्स का भी आयोजन किया गया। कमांडेंट ने अंत में सभी उपस्थित अतिथियों, जवानों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।




