बड़वानी में हज यात्रियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित 160 जायरीन का हुआ टीकाकरण और सेहत जांच

शेयर करे

बड़वानी, 18 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​बड़वानी जिला हज कमेटी द्वारा बुधवार को शहर के इकरा भवन में हज यात्रा 2026 पर जाने वाले हुज्जाजे इकराम (हज यात्रियों) के लिए विशेष टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में जिले के लगभग 160 चयनित हज यात्रियों की सेहत जांच कर उन्हें अनिवार्य टीके लगाए गए।

टीकाकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा

​शिविर के दौरान हज यात्रा की अनिवार्य प्रक्रिया के तहत सभी जायरीनों को मेनिन्जाइटिस (दिमागी बुखार) का टीका लगाया गया और पोलियो की खुराक पिलाई गई। जिला चिकित्सालय की चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेखा जमरे एवं सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना के नेतृत्व में आई मेडिकल टीम ने तमाम हाजियों का स्वास्थ्य परीक्षण मुकम्मल किया।

प्रमाण पत्रों का वितरण

​स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत तैयार किए गए हेल्थ सर्टिफिकेट्स का तस्दीक (प्रमाणन) हज ट्रेनर्स एवं इंस्पेक्टर्स द्वारा किया गया। इसके बाद जिला हज कमेटी के अध्यक्ष आदिल तिगाले एवं वरिष्ठ सदस्यों द्वारा ये प्रमाण पत्र हाजियों को वितरित किए गए। कमेटी ने जानकारी दी कि मार्च 2026 के अंतिम सप्ताह में ईद-उल-फितर के बाद सेंधवा में हाजियों के लिए दूसरे चरण का प्रशिक्षण (तरबियत) शिविर आयोजित किया जाएगा।

वरिष्ठ जन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में हज वेलफेयर सोसाइटी के उपाध्यक्ष हाजी अब्दुल रहीम तिगाले, पूर्व अध्यक्ष हाजी असलम शेख, समाजसेवी अब्दुल सादिक चंदेरी सहित मेडिकल टीम के मनोज नाइक, डॉ. तालिब अली सैय्यद एवं बड़ी संख्या में हज कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। अंत में आरिफ शेख (इकरा) ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और डॉक्टर्स की टीम का आभार व्यक्त किया।