बड़वानी, 08 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले में रंग पंचमी का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने स्वयं कमान संभाली। रविवार को एसपी शुक्ल ने बड़वानी शहर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों पर पैनी नजर
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और रंग पंचमी के जुलूस मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल और अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी सतर्कता बरतें। एसपी ने स्पष्ट किया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।
आमजन से सौहार्द की अपील
एसपी श्री शुक्ल ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें ताकि त्योहार का आनंद बिना किसी बाधा के बना रहे। साथ ही उन्होंने जिले के नागरिकों से भी अपील की है कि—
“रंग पंचमी का यह पावन पर्व आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं। कानून-व्यवस्था का सम्मान करें और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।”
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किया भ्रमण
इस सुरक्षा निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री दिनेश सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक श्री चेतन सिंह बघेल और कोतवाली थाना प्रभारी श्री बलजीत बिसेन सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की इस सक्रियता के चलते पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध दिखाई दिए।






