आलीराजपुर, 22 जनवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट: रफीक कुरैशी)
कौमी एकता के प्रतीक हजरत अबुल हसन सरकार फरीद बादशाह कादरी-चिश्ती (र.अ) का दो दिवसीय 84 वां उर्स मुबारक 23 जनवरी से धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उर्स में मध्य प्रदेश के साथ-साथ गुजरात और महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में जायरीन शिरकत करेंगे। उर्स कमेटी द्वारा आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
निकलेगा विशाल संदल और चादर का जुलूस
उर्स कमेटी के संरक्षक सैय्यद मोहसिन मियां एवं अध्यक्ष साजिद मकरानी ने बताया कि 23 जनवरी शुक्रवार शाम 04 बजे जामा मस्जिद चौक से संदल-चादर का जुलूस निकाला जाएगा। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह जुलूस आस्ताने औलिया पहुंचेगा, जहाँ चादर पेश की जाएगी। उसी रात 09 बजे जामा मस्जिद चौक पर मशहूर कव्वाल जुनेद सुल्तानी (बदायूं, यूपी) अपने सुफियाना कलाम पेश करेंगे। 24 जनवरी को सामूहिक रूप से न्याज (प्रसादी) का वितरण होगा।
ऐतिहासिक पहल: 12 जोड़ों का होगा सामूहिक निकाह
इस वर्ष उर्स के मौके पर उर्स कमेटी द्वारा पहली बार सामूहिक निकाह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मध्य प्रदेश और गुजरात के 12 जोड़ों का निकाह संपन्न होगा। कमेटी द्वारा समाजजनों के सहयोग से निकाह करने वाले जोड़ों को घर-गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया जाएगा। सामूहिक निकाह का यह कार्यक्रम 25 जनवरी रविवार दोपहर 02 बजे जामा मस्जिद चौक पर आयोजित होगा।
धार्मिक नेतृत्व और अपील
उर्स का आयोजन पीरे तरीकत शहर काजी सैयद अफजल मियां बाबा की सरपरस्ती में होगा। कार्यक्रम की निगरानी सैयद फरीद मियां, सैयद आरीफ मियां, हाजी सैयद हनीफ मियां, सैयद जमालुद्दीन बाबा और सैयद अशफाक मियां करेंगे। प्रभारी शहर काज़ी सैय्यद हाजी हनिफ़ मियाँ ने सभी अकीदतमन्दों और आमजन से उर्स व सामूहिक निकाह में शामिल होने की अपील की है।




