टीईटी परीक्षा के विरोध में शिक्षकों ने निकाली आक्रोश रैली, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

शेयर करे

आलीराजपुर, 08 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को अलीराजपुर जिले के शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। टीईटी (TET) परीक्षा के विरोध में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला संयोजक राजेश आर. वाघेला ने किया। शिक्षक पहले रामदेव जी मंदिर समाधि स्थल पर एकत्रित हुए और वहां से नारे लगाते हुए रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।

वरिष्ठता के बाद परीक्षा थोपना अन्याय: शिक्षक

​शिक्षकों ने एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कलेक्टर नीतू माथुर भी शिक्षकों के बीच पहुंचीं और उनसे नियमित स्कूल संचालन की बात कही। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों की परामर्शदात्री बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। शिक्षक नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय द्वारा 2 मार्च 2026 को जारी आदेश, जिसमें लाखों शिक्षकों को टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने को कहा गया है, पूरी तरह अनुचित है।

25 वर्षों की सेवा के बाद परीक्षा क्यों?

​पीएमयूएम जिलाध्यक्ष भंगूसिंह तोमर और राज्य कर्मचारी संघ जिला सचिव लालसिंह डावर ने कहा कि जिले के कई शिक्षक 25 वर्षों से अधिक की सेवा पूरी कर चुके हैं। जिस समय उनकी भर्ती हुई थी, उस समय टीईटी परीक्षा का कोई प्रावधान नहीं था। अब करियर के इस पड़ाव पर परीक्षा थोपना उनके साथ अन्याय है। शिक्षकों ने मांग की है कि मध्य प्रदेश सरकार अन्य राज्यों की तर्ज पर शिक्षकों के हित में सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विलोकन याचिका (Review Petition) दायर करे।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

​ओपीएस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन ने उनकी मांगों पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो शिक्षक समाज में भारी आक्रोश फैलेगा और वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

कार्यक्रम में इनकी रही भागीदारी

​इस प्रदर्शन में शरद क्षीरसागर, आजाद अध्यापक संघ जिलाध्यक्ष मनीष भावसार, आज़ाक्स जिलाध्यक्ष रतनसिंह डावर, राकेश राठौर, कविता वाणी, जयश्री गेहलोत, हेमेंद्र गुप्ता, राकेश डावर, शंकर हरवाल और सुरला चौहान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अंजीस वाघेला ने किया और आभार महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विद्या बंडोर ने माना।