बड़वानी, 16 दिसंबर 2025।
श्रीराम नगर, कसरावद रोड स्थित नर्मदा कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिकोत्सव 14 दिसंबर 2025 को भव्यता, भावनाओं और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। “मेरा वृंदावन – Enchanting scenes around every turn” थीम पर आधारित यह आयोजन न सिर्फ विद्यालय परिसर में, बल्कि पूरे बड़वानी शहर में चर्चा का विषय बना रहा। इस दिव्य प्रस्तुति को देखकर कई दर्शक भावुक हो गए, और कुछ की आँखें नम नज़र आईं।
मंच पर श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का जीवंत मंचन
विद्यालय के विद्यार्थियों ने मंच पर श्रीकृष्ण जन्म से लेकर उनकी दिव्य लीलाओं तक का अद्भुत और जीवंत मंचन प्रस्तुत किया। बाल लीलाएं, गोवर्धन लीला, रास लीला, नाट्य दृश्य और सांस्कृतिक नृत्य ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक खुद को आध्यात्मिक नगरी वृंदावन की गलियों में खड़ा महसूस करने लगे। हर प्रस्तुति पर तालियों की गूँज सुनाई दी और दर्शकों ने ‘वाह-वाह’ कहकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
700 बच्चों की प्रस्तुति ने किया मंत्रमुग्ध
इस भव्य प्रस्तुति की सफलता का श्रेय डांस टीचर शिवानी मारू की मेहनत, अनुशासन और भावनात्मक कोरियोग्राफी को जाता है। उन्होंने करीब 700 विद्यार्थियों को केवल नृत्य ही नहीं सिखाया, बल्कि भक्ति, भाव और संस्कृति को मंच पर जीवंत करना सिखाया। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की सामूहिक प्रस्तुति ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, और यही कारण रहा कि यह कार्यक्रम शहर में हर चर्चा का केंद्र बना रहा।
विद्यालय के डायरेक्टर श्रीराम यादव ने बताया कि पिछले वर्ष की वृंदावन यात्रा से प्रेरित होकर इस थीम की परिकल्पना की गई थी। प्रिंसिपल विजयलक्ष्मी यादव ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की एक साथ सफल प्रस्तुति विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है।
कार्यक्रम की मंच सजावट, आकर्षक लाइटिंग, साउंड सिस्टम और पारंपरिक झाँकियों ने पूरे स्कूल परिसर को एक जीवंत वृंदावन में बदल दिया था। वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों की वर्षभर की शैक्षणिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों का भी सम्मान किया गया।
नर्मदा कॉन्वेंट का यह वार्षिकोत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि बड़वानी शहर के लिए एक ऐसा आध्यात्मिक और भावनात्मक अनुभव बन गया, जिसकी चर्चा हर गली-मोहल्ले और सोशल प्लेटफॉर्म पर होती रही।








