बड़वानी, 19 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
मुस्लिम समाज की इबादत और रहमत का मुकद्दस महीना ‘रमजान’ बुधवार शाम से शुरू हो गया है। शहर व क्षेत्र में चांद नजर नहीं आने पर स्थानीय जमात द्वारा इंदौर शहर काजी से चांद दिखने की तस्दीक (शहादत) ली गई। सुन्नत मुस्लिम जमात के शहर सदर एडवोकेट कय्यूम कुरैशी ने बताया कि गुरुवार को समाजजनों द्वारा पहला रोजा रखा गया है।
पिछले वर्ष की तुलना में छोटा होगा पहला रोजा
इस्लामी कैलेंडर के अनुसार इस बार रमजान पिछले वर्ष की तुलना में 10 दिन पहले आया है, जिससे रोजे की अवधि में बदलाव देखने को मिलेगा। गुरुवार को पहला रोजा सुबह 5:38 बजे सेहरी के साथ शुरू हुआ और शाम 6:29 बजे इफ्तार के साथ संपन्न होगा। इस तरह पहले रोजे की कुल अवधि 12 घंटे 51 मिनट रहेगी, जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 14 मिनट कम है।
समय का गणित: अंतिम रोजा होगा सबसे लंबा
जैसे-जैसे महीना आगे बढ़ेगा, सेहरी का समय घटेगा और इफ्तार का समय बढ़ेगा। पहले रोजे से लेकर 30वें रोजे तक सुबह सेहरी के समय में करीब 25 मिनट की कमी आएगी, वहीं शाम को इफ्तार का समय 12 मिनट तक बढ़ जाएगा। 20 मार्च को होने वाला 30वां और अंतिम रोजा सबसे लंबा होगा, जिसकी अवधि लगभग 13 घंटे 28 मिनट की रहेगी।
मस्जिदों में तरावीह का दौर शुरू
रमजान की शुरुआत के साथ ही जिले की सभी मस्जिदें विशेष साज-सज्जा और रोशनी से नहा गई हैं। बुधवार रात्रि ईशा की नमाज के बाद तरावीह की विशेष नमाज शुरू हुई, जिसमें पवित्र कुरान के पाठ का सिलसिला शुरू हो गया है।
वहीं, बोहरा समाजजनों ने बुधवार को अपना दूसरा रोजा पूर्ण कर लिया है।




