रफीक कुरैशी
आलीराजपुर।कलेक्टर नीतू माथुर ने कहा कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि नगर की पर्यावरण सहयोग संस्था विगत 24 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। संस्था द्वारा निर्मित सहयोग गार्डन उनके समर्पण और प्रयासों की गवाही देता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संस्था का हरसंभव सहयोग करने के लिए तत्पर है। श्रीमती माथुर ने कहा कि जिले में कला, साहित्य, लोकनृत्य और लोककलाओं को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
अवसर था संस्था की स्थापना के “24 साल बेमिसाल” पूर्ण होने एवं दीपावली मिलन समारोह का, जो स्थानीय माँ वाटिका गार्डन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक जोबट एवं नगरपालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल ने कहा कि संस्था की स्थापना काल से ही संस्था को सहयोग दिया, जो उनके कार्यकाल में भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक रघुवंशसिंह भदौरिया ने कहा कि आलीराजपुर छोटा जिला अवश्य है, किंतु यहां की प्राकृतिक सुंदरता और संस्थाओं की कार्यशीलता प्रेरणादायी है।
समारोह को एसडीएम तपिश पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष परवाल (मकु सेठ), पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पटेल तथा संरक्षक बालकृष्ण गुप्ता ने भी संबोधित कर संस्था की सराहना की । समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। सरस्वती वंदना प्रतिभा पंचोली एवं पुष्पलता शाह ने प्रस्तुत की। स्वागत भाषण पूर्व अध्यक्ष आशुतोष पंचोली ने दिया।
संस्था के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं के लिए ढ़ोकलिया, रूपालसिंह एवं अरुण को संस्था संरक्षक श्री बालकृष्ण गुप्ता एवं पूर्व अध्यक्ष श्री आशुतोष पंचोली ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था अध्यक्ष चौहान का जन्मदिन भी मनाया गया, जिसमें सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने शुभकामनाएं दीं।
समारोह का संचालन अविनाश वाघेला ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था अध्यक्ष राकेश चौहान ने माना। सहभोज के पश्चात आयोजित वार्षिक बैठक में सर्वसम्मति से संस्था सदस्य एवं पार्षद राजीव (राजू) शाह को संस्था का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया। समारोह को सफल बनाने में दीपक दीक्षित, कैलाश कमेडिया, आशुतोष दुबे, आतु सोनी, डॉ. शकील शेख, शीतल सोनी, गोविंद जोशी, सुरेश माहेश्वरी, कृष्णकांत बेड़ियां, सुनील कापड़िया, जिग्नेश कोठारी, प्रकाश मालवी, कैलाश जोशी, पिंकेश राठौर, पप्पू जैन सहित महिला इकाई की उषा कमेडिया, गरिमा दुबे, अंजली सिंग, रक्षिता जैन, कविता राठौर आदि का योगदान रहा।




