बड़वानी, 04 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी नगर में रंग पंचमी का पावन पर्व इस बार बेहद खास होने जा रहा है। हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में रंगों से सराबोर भव्य ‘केशव फाग यात्रा’ और विशाल गैर का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
समितियों का गठन और जिम्मेदारियों का बंटवारा
आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गुप्ता, उपाध्यक्ष नारायण लछेटा एवं कोषाध्यक्ष संजय चौहान (बंटी) के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में सुरक्षा, प्रचार-प्रसार, संसाधन और संग्रह जैसी विभिन्न समितियों का गठन किया गया। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया है।
यह रहेगा गैर का मार्ग
समिति द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केशव फाग यात्रा प्रातः 10.30 बजे जगत तृप्ति केंद्र झंडा चौक से प्रारंभ होगी। यहाँ से गैर नगर के प्रमुख मार्गों:
- रणजीत चौक
- महात्मा गांधी मार्ग
- मोटी माता परिसर
- विजय स्तम्भ से होते हुए कारंजा चौराहा पर पहुंचकर संपन्न होगी।
पारंपरिक वाद्ययंत्र और फायर फाइटर की रहेगी व्यवस्था
फाग यात्रा के दौरान रंगों की बौछार के लिए फायर फाइटर की विशेष व्यवस्था की गई है। ढोल-ताशों की गूंज, ध्वनि विस्तारक यंत्र और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि वातावरण को उत्सवमय बनाएगी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु और उड़ता हुआ अबीर-गुलाल नगर में आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश देगा।
प्रचार-प्रसार समिति ने सकल हिंदू समाज और नगरवासियों से इस भव्य आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।





