बड़वानी, 14 दिसम्बर 2025।
प्रदेश की जीवनदायिनी माँ नर्मदा का जयंती महोत्सव इस वर्ष बड़वानी शहर के समीप माँ नर्मदा जागीरदारपुरा नवीन घाट पर मनाया जाएगा। अगले माह जनवरी 2026 में चार दिवसीय भव्य आयोजन होंगे। यह आयोजन श्रीश्री 1008 ईश्वरानंद उत्तम स्वामी महाराज के सान्निध्य और श्री श्री 108 रामदास त्यागी राम बाबा के मार्गदर्शन में होंगे।
माँ नर्मदा जागीरदारपुरा घाट निर्माण समिति के अध्यक्ष अजयसिंह ठाकुर और सचिव ठाकुर कनकसिंह दरबार ने बताया कि 22 से 25 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक पंडित अंकित शर्मा (सिनखेड़ा-खरगोन) अपने मुखारबिंद से नर्मदा पुराण कथा का रसपान कराएंगे। 25 जनवरी को कथा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
चुनरी यात्रा और मुख्य आयोजन
- 24 जनवरी: सुबह 10 बजे चुनरी यात्रा निकाली जाएगी और कन्या भोज का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में ईश्वनानंद महर्षि उत्तम स्वामी महाराज शामिल होंगे।
- 25 जनवरी: क्षेत्रीय विधायक राजन मंडलोई द्वारा माँ नर्मदा को विशाल चुनरी चढ़ाई जाएगी। इसके बाद माँ नर्मदा का दुग्धाभिषेक कर महाआरती की जाएगी। दोपहर 12 बजे से विशाल प्रसादी भंडारा शुरू होगा। शाम के समय माँ नर्मदा की पालकी यात्रा निकालकर महाआरती की जाएगी और देर शाम हजारों दीपकों से नर्मदा तट जगमगाया जाएगा।
बता दें कि सरदार सरोवर बांध के चलते रोहिणी तीर्थ राजघाट जलमग्न है। पिछले वर्षों में यह आयोजन बैकवाटर किनारे होता आया है, लेकिन इस बार 35वाँ नर्मदा जयंती महोत्सव जागीरदारपुरा नवीन घाट पर पहली बार आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन समिति का गठन
नर्मदा जयंती के सफल आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया है, जिसमें अध्यक्ष कैलाश केवट (मुन्ना भाई), उपाध्यक्ष धीरज मालवीया, पवन केवट, घीसालाल वर्मा, राजेंद्र दरबार, बहादुरसिंह, कनक दरबार, जितेंद्र गोले को चुना गया। सचिव ठाकुर देवेंद्रसिंह सोलंकी, सह सचिव पवन केवट, और कोषाध्यक्ष दिनेश केवट बनाए गए। कार्यकारिणी में लोकेश मालवीया, वीरेंद्र चौहान, सुनील वर्मा, देवेंद्र वर्मा, अनिल वर्मा, पप्पू दरबार, संतोष केवट, मुकेश केवट, गणेश केवट, जामसिंंग और मंशाराम यादव को शामिल किया गया।






