आलीराजपुर में रंगपंचमी की धूम: फाग यात्रा में झूम उठे हजारों लोग, कैबिनेट मंत्री और सांसद ने भी उड़ाया गुलाल

शेयर करे

आलीराजपुर, 08 मार्च 2026

निमाड़ दस्तक न्यूज (ब्यूरो रिपोर्ट : रफीक कुरैशी)

आलीराजपुर नगर में रविवार को रंगपंचमी का पर्व अभूतपूर्व उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूरा शहर रंगों की मस्ती और भक्ति के उल्लास में सराबोर नजर आया। सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में आयोजित भव्य फाग यात्रा ने इस बार सामाजिक समरसता की नई मिसाल पेश की।

सांसद और कलेक्टर ने किया शुभारंभ

​अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के विशेष अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय सांसद श्रीमती अनिता चौहान और कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने नगर की गणमान्य महिलाओं का सम्मान कर किया। स्थानीय बस स्टैंड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए रामदेव मंदिर चौराहे तक पहुँची।

जनप्रतिनिधियों और जनता का दिखा अनूठा संगम

​फाग यात्रा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, विधायक एवं नपा अध्यक्ष सेना पटेल और आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल भी आम जनता के साथ पैदल चलते और डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। भजन गायक शशांक तिवारी (कुंदनपुर) और पदमा साहू (होशंगाबाद) की लाइव प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सर्व हिंदू समाज द्वारा आयोजित इस फाग यात्रा का यह पाँचवाँ वर्ष था, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में एकता का संदेश देना रहा।

नरसिंह मंदिर में माहेश्वरी समाज का फाग महोत्सव

​इधर, स्थानीय नरसिंह मंदिर में माहेश्वरी समाज द्वारा भव्य फाग महोत्सव का आयोजन किया गया। समाज के महिला-पुरुषों और युवाओं ने पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंगपंचमी की बधाई दी और मंगलमय भविष्य की शुभकामनाएं साझा कीं।

प्रमुख चौराहों पर रही शाम तक धूम

​फाग यात्रा के बाद भी नगर के प्रमुख चौराहों पर रंग खेलने वालों का हुजूम शाम 4 बजे तक जमा रहा। युवाओं की टोलियां डीजे और संगीत की धुन पर नाचती-गाती नजर आईं। पर्व के कारण नगर के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और निजी बसों का संचालन भी प्रभावित रहा। पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।