आलीराजपुर, 19 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल ने गुरुवार को एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर रोशनी कलेश मृत्यु प्रकरण में प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। पटेल ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और सूक्ष्म जांच के लिए महामहिम राष्ट्रपति से सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग की है।
आदिवासी समाज में गहरा आक्रोश
महेश पटेल ने कहा कि गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल में अध्ययनरत आलीराजपुर की होनहार आदिवासी छात्रा रोशनी कलेश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे समाज में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार और हत्या की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और सरकार इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है। पटेल ने मृतिका के परिजनों को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की।
कैबिनेट मंत्री की भूमिका पर उठाए सवाल
पत्रकार वार्ता के दौरान महेश पटेल ने क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भोपाल में समाजजन धरना-प्रदर्शन कर रहे थे और मंत्री महोदय वहीं मौजूद थे, तब भी उन्होंने पीड़ितों से संपर्क करना उचित नहीं समझा। पटेल के अनुसार, घटना के कई दिनों बाद की गई मुलाकात महज एक औपचारिकता है। वहीं, उन्होंने धरना-प्रदर्शन में सक्रिय सहयोग के लिए जोबट विधायक सेना पटेल का आभार व्यक्त किया।
प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन की चेतावनी
पटेल ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो आदिवासी समाज सड़कों पर उतरेगा। उन्होंने कहा कि न्याय की इस लड़ाई के लिए प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। उनका उद्देश्य राजनीतिक विवाद नहीं, बल्कि एक आदिवासी बेटी को न्याय दिलाना है।




