आलीराजपुर, 23 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता महेश पटेल ने चंद्रशेखर आजाद नगर (भाभरा) में 27 फरवरी को प्रस्तावित श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अनुमति न मिलने पर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पटेल ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में काम कर रहा है और विपक्ष के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रहा है।
मुख्यमंत्री का कल होगा जिलाव्यापी पुतला दहन
महेश पटेल ने घोषणा की है कि प्रशासन की इस कार्यप्रणाली के विरोध में कल मंगलवार को पूरे आलीराजपुर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम्बुआ और बखतगढ़ में होने वाले पहले भगोरिया हाट के दौरान भी यह विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन जारी रहेगा।
“भाजपा के इशारे पर काम कर रहा प्रशासन”
पत्रकार वार्ता के दौरान पटेल ने एसडीएम प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर पूजा-अर्चना की अनुमति मांगने के बावजूद अधिकारी टालमटोल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। पटेल ने आलीराजपुर में आदिवासी कार्यकर्ताओं पर दर्ज की गई एफआईआर को भेदभावपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
आजाद कुटिया का घेराव और ताला जड़ने की चेतावनी
पटेल ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने अपना रवैया नहीं बदला, तो 27 फरवरी को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ वे स्वयं आजाद कुटिया पर ताला जड़ देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मुख्यमंत्री आदिवासी समाज के अपमान के लिए माफी नहीं मांगते, उन्हें आजाद की कुटिया पर नमन नहीं करने दिया जाएगा। पटेल ने कहा कि आदिवासी समाज किसी कार्रवाई से डरने वाला नहीं है और हक के लिए भाभरा का घेराव किया जाएगा।




