ठीकरी, 21 जनवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सेगवाल ग्रामीण मंडल द्वारा आगामी 27 जनवरी 2026, मंगलवार को ग्राम भगवानपुरा में एक विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत आज कार्यक्रम स्थल पर विधि-विधान से भूमिपूजन कर धर्मध्वजा स्थापित की गई। इस दौरान भारत माता की आरती और हिन्दू एकता के जयघोष के साथ सम्मेलन की सफलता का संकल्प लिया गया।
जोर-शोर से शुरू हुईं तैयारियां
भूमिपूजन के साथ ही सम्मेलन के लिए विशाल पांडाल, भव्य मंच और भोजन व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया गया है। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
गांव-गांव में जनसंपर्क और भगवा ध्वज वितरण
सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सेगवाल ग्रामीण मंडल के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में चरणबद्ध जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत:
- घर-घर जाकर रुद्राक्ष एवं भगवा पताकाओं का वितरण किया जा रहा है।
- प्रत्येक ग्राम में पंजीयन, सामूहिक भारत माता की आरती और संध्या फेरी का आयोजन हो रहा है।
- कलश यात्राओं के माध्यम से मातृशक्ति को भी इस आयोजन से जोड़ा जा रहा है।
संतों का मिलेगा सानिध्य और होगा सहभोज
27 जनवरी को प्रातः 10 बजे से शुरू होने वाले इस सम्मेलन में भगवानपुरा, उमरदा, जरवाह, सेगवाल, कुंडिया और हसनखेड़ी सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में हिन्दू समाजजन शामिल होंगे। सम्मेलन में पधारे संतों एवं विद्वान वक्ताओं द्वारा सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रहित जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पाथेय प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समाज के विशिष्ट जनों का सम्मान होगा और समापन पर सामूहिक सहभोज का आयोजन किया जाएगा।








