बड़वानी, 17 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले के सेंधवा क्षेत्र अंतर्गत कुण्डिया से मेंदल्यापानी के बीच शेष 4 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। “कुण्डिया–मेंदल्यापानी–वरला रोड निर्माण संघर्ष समिति” के बैनर तले निकाली गई दो दिवसीय पदयात्रा का समापन मंगलवार को सेंधवा विकासखण्ड कार्यालय पर हुआ। यहाँ ग्रामीणों ने महामहिम राज्यपाल के नाम एसडीएम सेंधवा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की।
दो दिनों में दर्जनों गांवों से गुजरी पदयात्रा
यह पदयात्रा 16 फरवरी को तहसील कार्यालय वरला से शुरू हुई थी, जो खारिया, बाखरली, मेंदल्यापानी, कुण्डिया, मालवन, सोलवन सहित कई गांवों से होते हुए सेंधवा पहुँची। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दोनों ओर की सड़कें बन चुकी हैं, लेकिन बीच का केवल 4 किमी हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया है। इस अधूरे मार्ग के कारण करीब 12 आदिवासी गांवों के हजारों लोग परेशान हैं और उन्हें मुख्यालय पहुँचने के लिए 25 से 50 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।
प्रशासन को 30 दिन का अल्टीमेटम
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में कई बार आवेदन और सांकेतिक धरना देने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। संघर्ष समिति ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि अगले 30 दिनों के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, तो अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय सेंधवा का अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
पदयात्रा में शामिल रहे प्रमुख जनप्रतिनिधि
इस आंदोलन में मुख्य रूप से पोरलाल खर्ते, गुच्छा जमरा, सीताराम बर्डे, अनिल रावत, दुरसिंग पटेल, भुवान सिंह जाधव, शांताराम खर्ते, अजय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में सरपंच, जनपद सदस्य और ग्रामीणजन शामिल हुए। समिति ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि इस मार्ग को प्राथमिकता पर रखकर तुरंत निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।




