बड़वानी, 12 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी बाईपास स्थित आस्था के केंद्र श्री सांवरिया सेठ मंदिर की स्थापना के 11 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस गौरवशाली अवसर पर मंदिर समिति द्वारा 20 से 23 फरवरी तक चार दिवसीय भव्य “अमृत महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ कथा और विशाल भंडारे के माध्यम से भक्ति की गंगा बहेगी।
भक्तमाल कथा और विशेष अभिषेक
समिति सदस्य अखिलेश पवार ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 20 फरवरी से होगी। प्रथम दो दिन (20 व 21 फरवरी) मंदिर में विभिन्न कलशों से भगवान का विशेष अभिषेक और अनुष्ठान संपन्न होंगे।
- विशेष सत्संग: 20 और 21 फरवरी को रात्रि 8 बजे से जगतगुरु रामानुजाचार्य श्री धराचार्य जी के सान्निध्य में भक्तमाल कथा का आयोजन होगा, जिसमें भक्त प्रभु की महिमा का श्रवण करेंगे।
कल्याण उत्सव और विशाल महाप्रसादी
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 22 फरवरी को शाम 5 बजे होने वाला भगवान का भव्य कल्याण उत्सव होगा। 23 फरवरी को सुबह पूर्णाहुति के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे, जिसके पश्चात शाम को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति का अनुमान है कि इस भंडारे में लगभग 22 से 25 हजार श्रद्धालु भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बुधवार रात्रि मंदिर परिसर में समिति के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति ने समाज के दानदाताओं और श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में सहयोग की अपील की है। बैठक के दौरान कई भक्तों ने उत्साहपूर्वक दान देकर अपनी आस्था प्रकट की।
समिति ने समस्त नगरवासियों और ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर अमृत महोत्सव का लाभ लेने का आग्रह किया है।







