उद्यम सखी प्रशिक्षण का हुआ समापन आरसेटी के माध्यम से महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त

शेयर करे

बड़वानी, 04 जनवरी 2026।

​बैंक ऑफ़ इंडिया ग्रामीण स्व-रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) बड़वानी में ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन हुआ। “गैर कृषि अंतर्गत उद्यम सखी” विषय पर आधारित यह प्रशिक्षण 29 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 04 जनवरी 2026 तक चला, जिसमें ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के विभिन्न गुर सिखाए गए।

​बैंकिंग और ऋण प्रक्रियाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

​समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) भोपाल से एलडीओ श्री विनय मोरे, जिला अग्रणी प्रबंधक श्री संदीप अग्रवाल एवं डीपीएम राष्ट्रीय आजीविका मिशन श्री योगेश तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग प्रणाली, ऋण प्राप्त करने की प्रक्रियाओं, वित्तीय अनुशासन और स्वरोजगार से जुड़ी सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

​महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का बनेगा आधार

​कार्यक्रम की अध्यक्षता आरसेटी डायरेक्टर श्री संजू बरवरे एवं एनआरएलएम डीएम श्री राहत ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उद्यम सखी प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज में आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करेगा। श्री योगेश तिवारी ने जोर देकर कहा कि उद्यम सखी के माध्यम से महिलाएं समूह आधारित उद्यम अपनाकर अपने परिवार के लिए स्थायी आय का स्रोत विकसित कर सकती हैं।

​वित्तीय साक्षरता पर दिया गया विशेष जोर

​संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य श्री यश सेठी ने वित्तीय साक्षरता और ऋण प्रबंधन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित किया कि वे प्राप्त प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं का सही उपयोग कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रमाणपत्र वितरित किए गए।