केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की आलीराजपुर के FPO मॉडल की सराहना, मयाला क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी के स्टॉल का किया अवलोकन

शेयर करे

आलीराजपुर, 13 अप्रैल 2026

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​मध्य प्रदेश के रायसेन में आयोजित ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ में आलीराजपुर जिले के किसानों ने अपनी सफलता का परचम लहराया है। भारत सरकार के 10,000 किसान उत्पादक संगठन (FPO) अभियान के तहत पंजीकृत आलीराजपुर की मयाला क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के कार्यों की प्रशंसा खुद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की है।

‘मयाला क्रॉप’ के स्टॉल पर पहुँचे केंद्रीय मंत्री

​रायसेन में आयोजित इस भव्य महोत्सव के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने आलीराजपुर के इस FPO द्वारा लगाए गए स्टॉल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों द्वारा उत्पादित कृषि उत्पादों, उनके द्वारा किए जा रहे प्रोसेसिंग कार्यों और कंपनी के बिजनेस मॉडल की जमकर सराहना की। श्री चौहान ने कहा कि संगठित किसान समूह (FPO) न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं, बल्कि किसानों की आय दोगुनी करने में भी मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।

स्थानीय उत्पादों का मूल्य संवर्धन (Value Addition)

​कंपनी द्वारा स्टॉल पर दालें, मिलेट्स (मोटा अनाज) और अन्य कृषि आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इन उत्पादों की खास बात यह है कि इन्हें स्थानीय स्तर पर ही प्रोसेस किया जा रहा है, जिससे किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर दाम मिल रहा है। कार्यक्रम में मौजूद कृषि विशेषज्ञों और अन्य जिलों के किसानों ने भी आलीराजपुर के इस मॉडल को प्रेरणादायक बताया।

आत्मनिर्भर और समृद्ध गाँव का लक्ष्य

​कंपनी के प्रतिनिधियों ने चर्चा के दौरान बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के छोटे और सीमांत किसानों को संगठित कर उन्हें उन्नत तकनीक से जोड़ना है। FPO के माध्यम से किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिल रही है और वे सीधे बाजार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।