आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल ने भरी हुंकार आदिवासी अपनी जल जंगल और जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे

शेयर करे

आलीराजपुर, 19 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी : ब्यूरो रिपोर्ट)

​आदिवासी नेता और मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल बुधवार को धार जिले के कुक्षी अंतर्गत ग्राम खेड़ली पहुँचे। यहाँ जमीन के भीतर जबरन चूना पत्थर (लाइमस्टोन) ड्रिल किए जाने की कार्रवाई पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। पटेल ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि आदिवासियों को उनकी पैतृक जमीन और प्राकृतिक संसाधनों से बेदखल करने की किसी भी कोशिश का पुरजोर विरोध किया जाएगा।

आलीराजपुर और धार के आदिवासी होंगे एकजुट

​महेश पटेल ने कहा कि आलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा के डाबड़ी गांव को भी इस ड्रिलिंग योजना में जोड़ने की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि चाहे आलीराजपुर हो या धार, किसी भी जिले के आदिवासी को उसकी जमीन से अलग नहीं होने देंगे। पटेल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों का हक है और इसके लिए वे कितनी भी बड़ी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

बड़ी रणनीति और विरोध का आह्वान

​आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष ने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए एक बड़ी रणनीति तैयार की जा रही है। परिषद द्वारा प्रभावित गांवों में बैठकों का दौर शुरू किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को संगठित किया जा सके। उन्होंने सभी आदिवासियों से एकजुट रहकर चूना पत्थर ड्रिलिंग की प्रक्रिया का पुरजोर विरोध करने का आह्वान किया है।

सड़कों पर उतरेगा समाज

​पटेल ने शासन-प्रशासन को आगाह किया कि विकास के नाम पर आदिवासियों के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं होगा। यदि प्रशासन ने अपनी कार्रवाई बंद नहीं की, तो आदिवासी समाज बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगा।