बड़वानी जनसुनवाई में गूंजी शिकायत तो हरकत में आई नगरपालिका, वार्ड 12 में सरकारी नाली पर अवैध निर्माण रुकवाकर खुलवाया रास्ता

शेयर करे

बड़वानी, 08 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​बड़वानी शहर के वार्ड 12 स्थित पानवाड़ी मोहल्ले में सरकारी नाली पर किए जा रहे अवैध निर्माण और रास्ते में हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगरपालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे रहवासियों की शिकायत के बाद नगरपालिका का अमला हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।

आपातकालीन सेवाओं में आ रही थी बाधा

​शिकायतकर्ता मोईन शेख और स्थानीय रहवासियों ने जनसुनवाई में बताया कि रास्ते पर भवन निर्माण कार्य के चलते मार्ग अत्यंत संकरा हो रहा था। यदि निर्माण कार्य पूरा हो जाता, तो रास्ता मात्र 8-9 फीट शेष रह जाता। रहवासियों ने आगाह किया था कि ऐसी स्थिति में भविष्य में किसी आपात स्थिति (जैसे आग लगने या स्वास्थ्य संबंधी इमरजेंसी) के दौरान दमकल वाहन या एम्बुलेंस का मोहल्ले तक पहुंचना नामुमकिन हो जाता, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका बनी हुई थी।

गंदे पानी और बदबू से बेहाल थे लोग

​निवासियों ने बताया कि कुछ दिन पहले सरकारी नाली को बंद कर दिए जाने से पूरे क्षेत्र की निकासी व्यवस्था चरमरा गई थी। घरों के सामने गंदे पानी का जलभराव होने से मोहल्ले में दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था। इसी रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिससे उनके यूनिफॉर्म और बस्ते भी गंदे हो रहे थे।

नगरपालिका की त्वरित कार्रवाई से मिली राहत

​जनसुनवाई में शिकायत मिलने के तुरंत बाद नगरपालिका की टीम ने मौके का मुआयना किया। नगरपालिका के हस्तक्षेप के बाद बंद की गई सरकारी नाली को खुलवाया गया, जिससे जमा गंदा पानी निकल गया और जलभराव की समस्या का समाधान हुआ। इसके साथ ही रास्ते पर हो रहे अवैध निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है। रहवासियों ने इस त्वरित कार्यवाही के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।