बड़वानी (ठीकरी), 18 जनवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड ठीकरी में ‘ग्रामोदय से अभ्युदय’ अभियान के अंतर्गत स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं ने विभिन्न खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेलकूद और रंगोली प्रतियोगिताओं की रही धूम
कार्यक्रम की शुरुआत युवाओं की खेल गतिविधियों से हुई, जिसमें वॉलीबॉल, क्रिकेट और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में बड़ी संख्या में युवाओं, प्रस्फुटन समिति के सदस्यों और CMCLDP के विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ सहभागिता की।
विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलने का आह्वान
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य वक्ता मधु धनगर ने स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन युवाओं को जागृत, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रशासनिक और सामाजिक उपस्थिति
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में हिंदू जागरण मंच के प्रदेश सदस्य आशीष महाजन और बावड़ियां उप-सरपंच धर्मेंद्र सिंह सोलंकी उपस्थित रहे। ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान की विस्तृत भूमिका विकासखंड समन्वयक संजय सोलंकी द्वारा प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन मेंटर नरेंद्र सिंह तंवर ने किया और आभार प्रदर्शन मेंटर लोकेश मांगरोलिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर मेंटर नरेंद्र चौहान, शीतल सानेर सहित समस्त नवांकुर, प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






