बड़वानी, 17 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल (IPS) के निर्देशन में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। एसपी साहब के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए पीड़ितों की शिकायतों को सुना।
एएसपी श्री बब्बर ने गंभीरता से सुनी समस्याएं
जनसुनवाई के दौरान पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों के आवेदन प्रस्तुत किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने एक-एक फरियादी से बात कर उनकी समस्याओं को विस्तार से समझा और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर शीघ्र, निष्पक्ष और वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
थाना प्रभारियों को 7 दिन का अल्टीमेटम
जनसुनवाई में आए मामलों को लटकाने के बजाय उनके जल्द निराकरण पर जोर दिया गया है। एएसपी श्री बब्बर ने संबंधित थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों पर 07 दिवस की समय-सीमा के भीतर कार्यवाही पूर्ण की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पारदर्शी पुलिसिंग पर फोकस
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नियमित होने वाली इस जनसुनवाई का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। इस पहल से न केवल पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल रहा है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ रही है।






