​लक्ष्य पाना है तो नशे से बनाएं दूरी — बड़वानी के एक्सीलेंस कॉलेज में डॉ. लखन गांगले ने युवाओं को किया जागरूक

शेयर करे

बड़वानी, 09 मार्च 2026

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए ‘नशा मुक्ति’ विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के परिपालन में आयोजित हुआ।

पाश्चात्य संस्कृति और फैशन के नाम पर युवा हो रहे गुमराह

​जिला अस्पताल से पधारे मुख्य वक्ता डॉ. लखन गांगले ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में युवाओं को नशे की लत से बचाना एक महती आवश्यकता और बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा—

“आज का युवा पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में आकर नशे को ‘फैशन’ समझने लगा है, जिससे उसका भविष्य दांव पर लगा है। हमारा लक्ष्य केवल नशेड़ियों का इलाज करना नहीं, बल्कि उन स्कूल-कॉलेज के युवाओं को बचाना है जो अभी इससे अछूते हैं।”

डॉ. गांगले का 10 वर्षों का अनुभव और ग्रामीण संवाद

​डॉ. गांगले ने अपने 10 वर्षों के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि वे लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। इस विषय पर उनकी पुस्तक “मद्यपान एवं नशा रोकथाम में NGO की भूमिका” भी प्रकाशित हो चुकी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डॉ. कंचन कन्नौजे ने विद्यार्थियों से कहा कि ‘नशा नाश का द्वार है’ और इससे दूरी बनाकर ही बड़े लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।

नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ

​महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के अंत में डॉ. इंदिरा द्वारा उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को जीवन भर नशे से दूर रहने की सामूहिक शपथ दिलवाई गई।

​इस अवसर पर प्रो. रचना सोलंकी, प्रो. अनिता खांडे, डॉ. विशाल सेन, क्रीड़ा अधिकारी हरीश वर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. अविनाश वानखेड़े ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. चंदा यादव द्वारा किया गया।