आलीराजपुर, 11 मार्च 2026
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
शहर की प्रमुख गैस एजेंसी मनोरमा गैस एजेंसी की संचालक श्रीमती शोभना ओंकार ने रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग और वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और अपील जारी की है। उन्होंने गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए जनता से सहयोग की अपेक्षा की है।
e-KYC बुकिंग के आधार पर ही मिलेगी गैस आपूर्ति
संचालक शोभना ओंकार ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देते हुए बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के कारण देश के गैस प्लांटों से आपूर्ति की प्रक्रिया में बदलाव हुआ है। अब गैस प्लांटों से सिलेंडर की संख्या e-KYC बुकिंग के आधार पर तय की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एजेंसी को उतने ही सिलेंडर प्राप्त होंगे जितनी e-KYC आधारित बुकिंग दर्ज होगी। इसलिए उपभोक्ताओं को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से समय पर बुकिंग करना अनिवार्य है।
भीड़ से बचने और जांच कर सिलेंडर लेने की सलाह
एजेंसी संचालक ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि:
- वितरण केंद्र पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं ताकि व्यवस्था सुचारू रहे।
- सिलेंडर प्राप्त करते समय उसकी पूरी जांच कर लें।
- एजेंसी द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें ताकि सभी को समय पर सुविधा मिल सके।
प्रशासन से कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग
अपील के साथ ही श्रीमती शोभना ओंकार ने जिला प्रशासन का ध्यान शहर में हो रही गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने मांग की है कि अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की बिक्री और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को उनके हक की गैस आसानी से और निर्धारित मूल्य पर मिल सके।





