बड़वानी/इंदौर, 09 मार्च 2026
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले के अंजड़ थाने में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एक पुराने केस से नाम हटाने और भविष्य में परेशान न करने के बदले 50,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे उपनिरीक्षक (SI) महावीर सिंह चंदेल और आरक्षक पवन प्रजापति के विरुद्ध लोकायुक्त ने प्रकरण दर्ज किया है।
“खर्चा-पानी” के नाम पर मांग रहे थे मोटी रकम
शिकायतकर्ता श्री जयराज चौधरी (संचालक, डायमंड ज्वेलर्स, अंजड़) ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। लगभग एक वर्ष पूर्व के एक आत्महत्या मामले में पूछताछ के बहाने SI चंदेल और आरक्षक पवन ने उन्हें डराना शुरू कर दिया था। आरोपियों ने धमकाया कि— “आपको केस में परेशान नहीं किया है, अब केस खत्म कर देंगे, लेकिन इसके बदले 50 हजार रुपये खर्चा-पानी देना होगा, वरना उल्टा फंसा देंगे।”
15 हजार लेते ही लोकायुक्त ने की घेराबंदी
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय के निर्देशन में जब शिकायत का सत्यापन किया गया, तो आरक्षक पवन प्रजापति ने आवेदक से मौके पर ही 15,000 रुपये की पहली किस्त ले ली। शेष 15,000 रुपये बाद में देने की बात तय हुई थी। भ्रष्टाचार की पुष्टि होते ही लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में FIR दर्ज कर ली।
विभाग में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त सुनील तालान के नेतृत्व में आरक्षक विजय कुमार, आशीष नायडू, रामेश्वर निंगवाल, कमलेश परिहार और आदित्य भदौरिया की टीम ने इस सफल ट्रैप को अंजाम दिया। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।






