​आलीराजपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की धूम: सांसद अनीता चौहान ने लखपति दीदी और एचपीवी वैक्सीन पर दिया जोर, राष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

शेयर करे

आलीराजपुर, 08 मार्च 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)

​अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज आलीराजपुर के शहीद छीतू किराड़ शासकीय महाविद्यालय ऑडिटोरियम में नारी शक्ति के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में जिले की उन महिलाओं और बेटियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

बेटियां घर की रौनक और समाज का आधार: सांसद

​मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय सांसद श्रीमती अनीता चौहान ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बेटियां रत्न की तरह होती हैं, जो घर और बाहर की दोहरी जिम्मेदारियों को बड़ी कुशलता से निभाती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन की अपील

​सांसद चौहान ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाते हुए विशेष रूप से 14 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए यह टीका बेहद जरूरी है और समाज की हर महिला को इसके लिए अपनी आसपास की बेटियों को जागरूक करना चाहिए।

प्रशासनिक पदों पर महिलाओं का दबदबा

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम ने कहा कि महिलाओं को किसी देवी के अवतार की नहीं, बल्कि एक सशक्त व्यक्तित्व के रूप में स्वयं को स्थापित करने की जरूरत है। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी सोनू सितोले ने गौरव के साथ बताया कि आज आलीराजपुर जिले में कलेक्टर, सांसद, जिला पंचायत सीईओ और अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं ही काबिज हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं कुछ भी कर पाने में सक्षम हैं।

प्रतिभाओं का सम्मान और स्वास्थ्य शिविर

​कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री मोनिका बघेल ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग खिलाड़ी लावण्या बघेल और मोनिका मंडलोई सहित कई उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जहाँ महिलाओं और युवतियों ने अपनी जांच करवाई।

​इस गरिमामय अवसर पर सहायक संचालक सुश्री अंजली चौधरी, प्रशासक हिमानी राठौड़ सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और जिले की महिलाएं उपस्थित थीं।