बड़वानी में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का प्रस्तावित दौरा: डीआईजी और कलेक्टर ने नांगलवाड़ी व जुलवानिया में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शेयर करे

बड़वानी, 26 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी 2 मार्च को बड़वानी जिले के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के नांगलवाड़ी में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक और जुलवानिया में आयोजित भगोरिया उत्सव में शामिल होने के मद्देनजर गुरुवार को डीआईजी और कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया।

नांगलवाड़ी में होगी कैबिनेट बैठक और भिलट देव के दर्शन

​प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नांगलवाड़ी में भीलट देव के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात नांगलवाड़ी में ही कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसी दिन मुख्यमंत्री जुलवानिया के भगोरिया उत्सव में भी शिरकत कर लोक संस्कृति के रंग में रंगे नजर आएंगे।

हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम

​डीआईजी (खरगोन रेंज) श्री सिद्धार्थ बहुगुणा और कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने संयुक्त दल के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का भ्रमण किया। डीआईजी ने सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग, वीआईपी रूट और सुरक्षा घेरे की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ-साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा। यातायात को सुगम बनाने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया गया है।

गर्मी को देखते हुए पेयजल और छाया की व्यवस्था

​कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने निरीक्षण के दौरान मंच और बैठक व्यवस्था को देखा। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि बढ़ते तापमान और गर्मी के मौसम को देखते हुए आम जनता के लिए पेयजल और छाया की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने विभागीय प्रदर्शनियों और पंडालों को समय सीमा के भीतर तैयार करने के लिए संबंधित विभागों के इंजीनियरों को निर्देशित किया।

प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लोक निर्माण विभाग के अभियंता और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का पूरा ध्यान इस बात पर है कि मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल और आम दर्शनार्थियों की सुविधा के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।