कसरावद के महर्षि स्कूल के पांच विद्यार्थी इसरो और श्री हरिकोटा की विज्ञान मंथन यात्रा के लिए चयनित

शेयर करे

कसरावद, 18 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​मध्यप्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित ‘विज्ञान मंथन यात्रा’ के तहत कसरावद के महर्षि वेद व्यास पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल के पांच होनहार विद्यार्थियों का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) एवं श्री हरिकोटा उपग्रह केंद्र के भ्रमण के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित यात्रा 20 अप्रैल से 27 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी।

​अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से जानेंगे विद्यार्थी

​संस्था के अकादमिक डायरेक्टर श्री राजेश व्यास ने बताया कि इस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को इसरो के अनुसंधान केंद्र में अंतरिक्ष की गहन जानकारी प्राप्त होगी। साथ ही उन्हें देश के प्रसिद्ध अंतरिक्ष वैज्ञानिकों से चर्चा करने, चंद्रयान मिशन और उपग्रह प्रक्षेपण प्रणाली को बारीकी से समझने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर से 10वीं, 11वीं और 12वीं के कुल 375 विद्यार्थियों तथा 27 शिक्षकों का चयन इस गौरवशाली यात्रा के लिए किया गया है।

​इन विद्यार्थियों ने बढ़ाई संस्था की शान

​विज्ञान मंथन यात्रा के लिए महर्षि स्कूल की कु. अनन्या दुबे, कु. रागिनी कुशवाह, कु. आरजू राठौर, कु. राधिका यादव और जयदीप वर्मा का चयन हुआ है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, वैज्ञानिक सोच और शोध को बढ़ावा देने के लिए संस्था निरंतर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करती है, जिसके परिणामस्वरूप यहाँ के छात्र प्रतिवर्ष देश के विभिन्न प्रतिष्ठित अनुसंधान केंद्रों का भ्रमण करते हैं।

​सफल यात्रा के लिए दी गई मंगलकामनाएं

​आज संस्था के अध्यक्ष श्री निलेश व्यास, संचालक व वरिष्ठ अधिवक्ता ब्रजेश कुमार व्यास सहित विज्ञान शिक्षक रविन्द्र गुर्जर और श्रीमती मीना भाटी ने विद्यार्थियों का माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। उन्होंने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को सफल एवं सुरक्षित यात्रा की मंगलकामनाएं दीं। इस अवसर पर सावन सर, रंजीत मंडलोई, हेमंत सर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। चयनित विद्यार्थी 20 अप्रैल को भोपाल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र के माध्यम से विभिन्न विज्ञान केंद्रों के भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे।