बड़वानी जिले के पाटी में संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स का विशेष स्वास्थ्य शिविर संपन्न, 128 मरीजों ने उठाया लाभ; युवाओं ने नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

शेयर करे

बड़वानी (पाटी) 1 जून, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में सिनर्जी संस्थान एवं एसबीआई फाउंडेशन के ‘संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय निःशुल्क विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों से आए कुल 128 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श व दवाइयां दी गईं, जिनमें 54 पुरुष एवं 74 महिलाएं मुख्य रूप से शामिल रहीं।

विशेषज्ञ डॉ. राहुल दुबे ने दी सेवाएं, 2 मरीज मिले सिकल सेल पॉजिटिव

शिविर का संचालन एवं मार्गदर्शन ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. हेमंत रूनवाल के नेतृत्व में किया गया। शिविर में इंदौर के सुप्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. राहुल दुबे (एम.डी. मेडिसिन) द्वारा मरीजों को गंभीर बीमारियों को लेकर विशेषज्ञ परामर्श दिया गया। उनके साथ संजीवनी टीम के डॉ. देवेंद्र नरगावे, डॉ. ऋषभ डांगी, लैब टेक्नीशियन चंद्रावती तोरणियां, स्टाफ नर्स सीमा सोलंकी एवं फार्मासिस्ट सुरेश रावत ने अपनी सराहनीय सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के दौरान मरीजों की डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, थायरॉइड, श्वास व त्वचा रोग, एनीमिया और पेट संबंधी समस्याओं की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान:

  • कुल 53 मरीजों की बीपी जांच एवं 26 की शुगर जांच की गई।
  • 20 हीमोग्लोबिन जांच तथा 38 सिकल सेल जांच की गईं।
  • सिकल सेल जांच में 2 हितग्राही पॉजिटिव पाए गए, जिन्हें डॉक्टरों द्वारा आवश्यक उपचार व फॉलोअप के लिए विशेष मार्गदर्शन दिया गया।

“गंदगी की आदत या बीमारी की दावत?”— युवाओं ने किया नुक्कड़ नाटक

स्वास्थ्य शिविर के समांतर ही युवालय कार्यक्रम के ऊर्जावान युवाओं द्वारा अस्पताल परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। युवाओं ने “गंदगी की आदत या बीमारी की दावत?” थीम पर एक बेहद प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। इस नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, उचित कचरा प्रबंधन तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने के लिए प्रेरित किया गया। स्वच्छ भारत अभियान के तहत युवाओं ने सार्वजनिक स्थलों, चाय दुकानों और होटलों में पोस्टर चिपकाकर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

गांवों और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से जुटाई भीड़

युवाओं ने शिविर स्थल पर एक विशेष ‘युवा कॉर्नर’ स्थापित किया था, जिसके माध्यम से आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जा रही थी। इस शिविर को सफल बनाने के लिए युवाओं ने पहले ही विभिन्न गांवों, पंचायतों और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की थी।

अंत में ली स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के समापन के अवसर पर युवालय के युवा साथी, संजीवनी टीम, भूतपूर्व सैनिक संदीप सोनाने, जनपद पंचायत के स्वच्छता अधिकारी श्री मुकेश मुकाती एवं भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई गई और “ना खुद गंदगी करेंगे, ना किसी को करने देंगे” का बुलंद संकल्प लिया गया।