आलीराजपुर: जनहित के मुद्दों पर 7 जून को युवा कांग्रेस का महाआंदोलन; राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु की मौजूदगी में होगा कलेक्ट्रेट का घेराव

शेयर करे

आलीराजपुर 4 जून, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

देश और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, बेलगाम महंगाई, व्यापक भ्रष्टाचार, पटवारी व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और किसानों की गंभीर समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस आगामी 7 जून को जिला मुख्यालय आलीराजपुर पर एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। इस विशाल जनांदोलन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिंब विशेष रूप से शामिल होकर स्थानीय कलेक्ट्रेट कार्यालय के घेराव का नेतृत्व करेंगे। इस आंदोलन में आलीराजपुर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया जा रहा है।

रणनीति तैयार: पटेल फार्म हाउस पर कांग्रेस दिग्गजों की हुई अहम बैठक

राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रांतीय नेताओं के आगमन और आंदोलन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को स्थानीय पटेल फार्म हाउस पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल, जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल और विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष तरुण मंडलोई सहित जिलेभर के शीर्ष कांग्रेस पदाधिकारी एवं ऊर्जावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

युवाओं के भविष्य और किसानों के हक की लड़ाई: सेना पटेल व महेश पटेल

बैठक को संबोधित करते हुए आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल और विधायक सेना महेश पटेल ने केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज सरकार की गलत नीतियों के कारण युवा, किसान और आम जनता बुरी तरह त्रस्त हैं। रोजगार के अवसर लगातार खत्म किए जा रहे हैं, महंगाई आसमान छू रही है और लगातार हो रहे पेपर लीक कांड ने होनहार युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। इन जनहित के मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस सड़क पर उतरकर जनता के हक की आवाज बुलंद करेगी।

7 जून का प्रदर्शन रचेगा नया इतिहास: पुष्पराज पटेल

जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने जिले के समस्त पदाधिकारियों को 7 जून के कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि यह आंदोलन युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का सबसे मजबूत मंच साबित होगा।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से जिम्मेदारियों का वितरण किया। कांग्रेस नेताओं ने पुरजोर दावा किया कि 7 जून को होने वाला यह प्रदर्शन आलीराजपुर जिले के राजनीतिक इतिहास के सबसे बड़े और ऐतिहासिक युवा आंदोलनों में से एक होगा।

बैठक में यह दिग्गज नेता रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र टवली, सानी मकरानी, सुरेश सारडा, सरदार अजनार, मदन डावर, खुर्शीद अली दिवान, कैलाश चौहान, हरीश भाभर, अंगरसिंह चौहान, नगरसिंह वसुनिया, शब्बीर बोहरा, अरविंद भाई बबलू, जीतू अजनार, किशन मंडलोई, संजय चौहान, सोनू वर्मा, अजहर चंदेरी, लक्की राठौड़, इरफ़ान मंसूरी सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।