बड़वानी 1 जून, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी शहर में लायंस क्लब बड़वानी सिटी द्वारा वर्ष 2009 से निरंतर निःशुल्क नेत्र शिविरों का आयोजन कर मानवता की सेवा की जा रही है। इसी सेवाभावी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय जिला अस्पताल परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र शिविर संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों की आंखों की जांच की गई।
चोइथराम अस्पताल इंदौर के सहयोग से लगा शिविर
लायन के. टी. मंडलोई ने जानकारी देते हुए बताया कि सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना के मार्गदर्शन में लायंस क्लब बड़वानी सिटी और चोइथराम नेत्र चिकित्सालय इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में इस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़वानी जिले के ठीकरी, तलवाड़ा बुजुर्ग, बालकुआ, बोरलाय और पाटी सहित विभिन्न ग्रामीण अंचलों से कुल 34 नेत्र रोगी अपनी आंखों की जांच कराने पहुंचे थे।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच, भोजन कराकर मरीजों को इंदौर किया रवाना
लायन महेश जोशी ने बताया कि शिविर में आए सभी 34 मरीजों का गहन नेत्र परीक्षण इंदौर से आए विशेषज्ञ डॉ. ऋषिकेश और डॉ. प्राप्ति के साथ संजय रावत द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त मरीजों के ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जरूरी जांचें बलराम सिंह द्वारा की गईं। वार्ड बॉय सुधीर सोनाने ने पूरे शिविर के दौरान व्यवस्थाएं संभालीं।
परीक्षण के उपरांत लायन महेश चंद्र शर्मा ने बताया कि कुल 11 मरीजों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए हैं। इन सभी चिन्हित मरीजों को सफल लेंस प्रत्यारोपण (ऑपरेशन) के लिए लायंस क्लब द्वारा विशेष बस के माध्यम से चोइथराम नेत्र चिकित्सालय इंदौर भेजा गया। ऑपरेशन के लिए रवाना करने से पहले लायंस क्लब बड़वानी सिटी द्वारा सभी मरीजों और उनके साथ आए परिजनों को सम्मानपूर्वक भोजन भी कराया गया।
10 अगस्त को आयोजित होगा आगामी शिविर
लायंस क्लब प्रबंधन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। क्लब द्वारा जानकारी दी गई है कि आगामी मोतियाबिंद जांच एवं निदान शिविर आगामी 10 अगस्त को आयोजित किया जाएगा, जिसमें पीड़ित मरीज आकर अपनी जांच करवा सकेंगे।





