आलीराजपुर 1 जून, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
जिला मुख्यालय के समीप गढ़ात मार्ग स्थित रेलवे ट्रैक पर सोमवार शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटनास्थल पर ही तोड़ा दम, शिनाख्त होना बाकी
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे आलीराजपुर से बड़ौदा (गुजरात) की ओर जा रही ट्रेन जब गढ़ात मार्ग के रेलवे ट्रैक से गुजर रही थी, तभी एक बुजुर्ग महिला उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की उम्र लगभग 55 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। हादसे के तुरंत बाद बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी।
जांच में जुटी पुलिस, शिनाख्त के प्रयास तेज
रेलवे ट्रैक पर हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल घटना स्थल का रुख किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में हुलिए के आधार पर महिला की शिनाख्त (पहचान) करने के प्रयासों में जुटी हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र के नागरिकों में गहरा दुख है। स्थानीय निवासियों ने रेल प्रशासन और जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि रिहायशी इलाकों के समीप रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्थाओं को पुख्ता किया जाए तथा निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अप्रिय और जानलेवा दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।





