बड़वानी 13 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में यातायात और सिलावद पुलिस की संयुक्त टीम ने ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
सिलावद बाजार में हुई घेराबंदी, उतारे गए वाहनों के कैरियर
थाना यातायात एवं सिलावद पुलिस की संयुक्त टीम ने सिलावद बाजार क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर जोखिम भरी यात्रा कराने वाले चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत शिकंजा कसा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई यात्री वाहनों के कैरियर निकालकर उन्हें जब्त किया और चालकों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में ओवरलोड सवारी न बैठाएं।
26 वाहनों पर कार्रवाई, ₹11,300 का वसूला जुर्माना
पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई के अंतर्गत कुल 26 वाहनों के चालान बनाए गए, जिनसे 11,300 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। बड़वानी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस विशेष अभियान और कार्रवाई में यातायात थाना प्रभारी श्रीमती रजनी भार्गव, सिलावद थाना प्रभारी आर.के. लोवंशी, उपनिरीक्षक वेस्ता सिंह चौहान, एएसआई सदाशिव, प्रधान आरक्षक राजमल, यशवंत तथा आरक्षक जगदीश, सुरेन्द्र, अर्जुन, सावन एवं गजेंद्र का विशेष योगदान रहा।






