वार्डों में पहुँची नगर पालिका की टीम, ‘जल सुनवाई’ शिविर में जाँची पानी की शुद्धता, मौके पर ही हुआ शिकायतों का समाधान

शेयर करे

बड़वानी, 03 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​स्वच्छ जल अभियान के तहत नगर पालिका परिषद बड़वानी द्वारा शहर के वार्डों में विशेष ‘जल सुनवाई’ शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड क्रमांक 03 में शिविर आयोजित कर नागरिकों को प्रदाय किए जा रहे जल की गुणवत्ता जाँची गई और उनकी समस्याओं को सुना गया।

अमृत मित्रों ने की जल नमूनों की जांच

​शिविर की मुख्य विशेषता यह रही कि इसमें ‘अमृत मित्र’ महिलाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने वार्ड के 28 विभिन्न घरों से जल के नमूने एकत्रित किए और मौके पर ही ‘फील्ड टेस्ट किट’ के माध्यम से पानी की शुद्धता का परीक्षण किया। इस जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहरवासियों को मिल रहा पेयजल स्वास्थ्य की दृष्टि से पूरी तरह सुरक्षित है।

मौके पर दर्ज हुई शिकायतें

​शिविर के दौरान जल प्रदाय से संबंधित समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। वार्डवासियों ने सीधे अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताईं। इस दौरान पाइप लाइन में लीकेज की समस्या को लेकर एक आवेदन प्राप्त हुआ, जिसे त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ कार्य

​इस जल सुनवाई शिविर के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती सोनाली शर्मा, सहायक यंत्री श्री पुष्पराज अजनारे, उपयंत्री श्री मुन्नालाल चौहान सहित नगर पालिका की पूरी टीम उपस्थित रही। अधिकारियों ने नागरिकों को पानी की बर्बादी रोकने और जल संचय के प्रति भी जागरूक किया।

नगर पालिका की इस पहल से वार्डवासियों में खुशी देखी जा रही है, क्योंकि उनकी पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान अब सीधे उनके वार्ड में ही हो रहा है।