मप्र चालक-परिचालक कल्याण संघ की 8 फरवरी को भोपाल में प्रदेश स्तरीय बैठक, लंबित मांगों और नई रणनीति पर होगी बड़ी चर्चा

शेयर करे

बड़वानी, 06 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​मध्यप्रदेश चालक-परिचालक कल्याण संघ की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक आगामी 8 फरवरी को राजधानी भोपाल में आयोजित होने जा रही है। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में प्रदेश भर के पदाधिकारी शामिल होंगे। कोरोना काल के बाद यह पहला अवसर है जब संघ के सदस्य वर्चुअली नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष रूप से एकत्रित होकर अपनी समस्याओं पर हुंकार भरेंगे।

परिवहन विभाग की ‘हठधर्मिता’ पर नाराजगी

​मप्र चालक-परिचालक कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष जाहिद पठान ने बताया कि परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के नए पोर्टल में कई तकनीकी खामियां हैं, जिसके कारण न तो कंडक्टरों के नए लाइसेंस बन पा रहे हैं और न ही पुराने रिन्यूअल हो रहे हैं। पोर्टल पर कंडक्टर लाइसेंस की साइट तक नहीं दिखाई दे रही है। साथ ही, लाइसेंस रिन्यूअल फीस में 55 प्रतिशत की वृद्धि और स्मार्ट कार्ड के पैसे लेने के बावजूद कार्ड न देना, विभाग की लापरवाही को उजागर करता है।

13 साल से घोषणाएं सिर्फ कागजों पर

​जिलाध्यक्ष पठान ने पुरानी घोषणाओं का हवाला देते हुए बताया कि 17 फरवरी 2014 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘चालक-परिचालक महापंचायत’ में कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की थी। इनमें प्रतिवर्ष एक चालक को ‘सारथी श्री’ पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये देने की योजना भी शामिल थी, लेकिन 13 साल बीत जाने के बाद भी एक भी चालक को यह सम्मान नहीं मिला। अधिकारियों की उदासीनता के चलते चालक-परिचालक खुद को उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

नवीन कार्यकारिणी का होगा गठन

​भोपाल में होने वाली इस बैठक में केवल समस्याओं पर चर्चा ही नहीं होगी, बल्कि संघ की नवीन कार्यकारिणी का पुनर्गठन भी किया जाएगा। बैठक में आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी ताकि सोए हुए प्रशासन को जगाया जा सके। बड़वानी जिले से संघ के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में भोपाल के लिए रवाना होंगे।