बड़वानी, 11 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन पवित्र’ निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है।
बाउंड ओवर तोड़ना पड़ा भारी
ताजा मामले में पुलिस ने बड़गांव निवासी कुख्यात आरोपी विकास उर्फ कालु पिता किशोर पांचाल के विरुद्ध धारा 141 BNSS के तहत प्रभावी कार्रवाई की है। आरोपी विकास के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौच, अवैध जुआ और हत्या के प्रयास जैसे कुल 19 गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं।
अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु पूर्व में उसे धारा 129 BNSS के अंतर्गत एक वर्ष के लिए 10 हजार रुपये की राशि से बाउंड ओवर (पाबंद) किया गया था। लेकिन, इस अवधि के दौरान आरोपी ने पुनः जुआ एक्ट और अन्य धाराओं में अपराध कारित किया, जिसके चलते पुलिस ने अब उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कदम उठाए हैं।
ICJS सॉफ्टवेयर से खंगाला जा रहा रिकॉर्ड
एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन द्वारा ICJS सॉफ्टवेयर के माध्यम से शहर के सभी गुंडे, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों का रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी विकास की लगातार बढ़ती अपराधिक सक्रियता को देखते हुए उसका जिला बदर का प्रकरण भी तैयार किया जा रहा है।
जनता को भयमुक्त करने का संकल्प
प्रभारी एसपी श्री धीरज बब्बर ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन पवित्र’ के अंतर्गत अवैध शराब, गांजा, हथियार तस्करी और स्थाई वारंटियों के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून का राज स्थापित करना और जनसामान्य को अपराधियों से पूरी तरह भयमुक्त रखना है।




